भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टैक्सी सर्विस को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। मंगलवार रात 12 बजे से ओला, उबर समेत अन्य कैब का संचालन पूरी तरह से शहर में बंद है। जिसके चलते यात्रियों को सफर करने बड़ी परेशानी हो रही है। तो वही ऑटो चालकों ने हड़ताल को देखते हुए अधिक किराया वसूलना शुरू कर दिया है। जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ होगी हड़ताल
यह हड़ताल टैक्सी चालक संघ ने एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ की है। चालकों का कहना है कि महंगाई और गाड़ी के बढ़ते खर्च ने कमाई का हिसाब बिगाड़ दिया है. परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है। जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। संयुक्त मोर्चे ने स्पष्ट किया है कि बंद और धरना शांतिपूर्ण रहेगा तथा किसी असामाजिक तत्व की गैर-कानूनी गतिविधि के लिए संगठन जिम्मेदार नहीं होगा।
बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास कल होगा धरना-प्रदर्शन
इतना ही नहीं संघ ने यह भी साफ़ किया है कि वो कल यानि की 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास धरना-प्रदर्शन करेंगे। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर टैक्सी चालकों की मांगों के जल्द निराकरण की मांग की जाएगी। अगर मांगे पूरी नहीं होती तो हड़ताल और भी उग्र हो सकती है।
जानें मांगे
चालकों की मांग है कि टैक्सी का किराया तय करने के लिए ठोस व्यवस्था बने और पुरानी भुगतान प्रणाली फिर लागू की जाए. इसके साथ ही निजी नंबर वाले वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल और कथित अवैध बाइक टैक्सी पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई है. इतना ही नहीं चालकों ने सामाजिक सुरक्षा की भी बात की है. संगठनों की तरफ से साफ कर दिया गया है, कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे। जिसको चलते कल वो मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम पर ज्ञापन सौंपेंगे।
18 से 20 अगस्त तक बंद रहेगी सर्विस
शहर में एक साथ 3500 टैक्सियों की हड़ताल पर चले जाने से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फ़िलहाल टैक्सी सर्विस 18 से 20 अगस्त तक बंद रहेगी।