बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में देर रात श्मशान में हुई तंत्र क्रिया से शहर में हड़कप मच गया है। यह तंत्र क्रिया छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर के साथ की गई। जिसकी जानकारी सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और एक युवक को हिरासत लेकर उससे पूछताछ शुरू की। घटना देवरी इलाके की बताई जा रही है।
तंत्र क्रिया से जुड़ी सामग्री बरामद
बताया जा रहा है कि जब श्मशान में कुछ लोग कथित तंत्र क्रिया कर रहे थे। तब कुछ ग्रामीणों की उनपर नजर पड़ी। जिसके बाद वो तुरंत मौके पर पहुंचे और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से भाग निकले। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
मौके से मरी हुई मछलियां, नींबू, नारियल मिला
ग्रामीणों के मुताबिक, मौके से मरी हुई मछलियां, नींबू, नारियल, माला और सिंदूर सहित कुछ पूजा सामग्री मिली है। साथ ही मौके पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीरें समेत दो अन्य युवकों की भी तस्वीरें मिली है। हालांकि इन तस्वीरों का इस घटना से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फरार लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक चर्चा में मामले को जेल में बंद एक रिश्तेदार को जमानत दिलाने की कथित कोशिश से जोड़ा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर फरार लोगों की तलाश में जुटी है।