Tamil Nadu Elections 2026: तमिलनाडु की राजनीति में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के प्रमुख थलापति विजय ने अपनी राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत करते हुए पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। सबसे खास बात यह है कि विजय खुद दो अहम सीटों पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसे उनके आक्रामक चुनावी रणनीति का संकेत माना जा रहा है।
DMK के गढ़ में सीधी चुनौती
TVK ने अपने उम्मीदवारों का चयन बेहद रणनीतिक तरीके से किया है। पार्टी ने सत्ताधारी दल के मजबूत गढ़ों में अपने प्रत्याशी उतारकर सीधा मुकाबला तय कर दिया है। कोलाथुर सीट से मुख्यमंत्री के खिलाफ वीएस बाबू को मैदान में उतारा गया है। चेपॉक-ट्रिप्लिकेन से डिप्टी सीएम के मुकाबले पूर्व कांग्रेस नेता सेल्वम को टिकट विल्लीवक्कम से पार्टी महासचिव आदव अर्जुना चुनाव लड़ेंगे। इससे साफ है कि TVK सीधे तौर पर सत्ताधारी गठबंधन को चुनौती देने के मूड में है।
‘सिस्टम बदलने’ का दावा, भ्रष्टाचार पर तीखा हमला
उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान विजय ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी आम लोगों को राजनीति में लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि TVK के उम्मीदवार न तो रसूखदार हैं और न ही किसी अवैध गतिविधियों से जुड़े हैं। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार और अवैध खनन जैसे मुद्दों को उठाते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
युवाओं और समाज पर फोकस: बड़े चुनावी वादे
विजय ने अपने घोषणापत्र के मुख्य बिंदुओं में युवाओं और सामाजिक सुधारों को प्राथमिकता दी है। 29 साल के बाद भी बेरोजगार युवाओं को मासिक आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता के लिए सख्त कानून, राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प इन वादों के जरिए TVK युवाओं और मध्यम वर्ग को साधने की कोशिश कर रही है।
चार-कोणीय मुकाबले की ओर बढ़ता तमिलनाडु
2026 का चुनाव इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि राज्य में चार बड़े राजनीतिक गुट आमने-सामने हैं। सत्ताधारी DMK गठबंधन, AIADMK-BJP का NDA गठबंधन, विजय की नई पार्टी TVK, PMK और शशिकला का तीसरा मोर्चा 234 सीटों वाली विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान प्रस्तावित है।
क्या बदलेगा तमिलनाडु का राजनीतिक समीकरण?
थलापति विजय की एंट्री ने चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है। उनकी लोकप्रियता और युवा वोटर्स पर पकड़ TVK को बड़ा फायदा दिला सकती है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह स्टार पावर वोट में बदल पाती है या नहीं। तमिलनाडु चुनाव 2026 में TVK की एंट्री ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है। विजय का दो सीटों से चुनाव लड़ना और सीधे बड़े नेताओं को चुनौती देना इस चुनाव को हाई-वोल्टेज बना रहा है।