गुना लोकसभा : मध्यप्रदेश की सबसे हॉट सीटों में से गुना लोकसभा सीट पर देश की नजर है। क्योंकि इस सीट पर कांग्रेस के बागी और मोदी सरकार के कद्दावर केंन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी मैदान में है। गुना सीट से कांग्रेस ने भी तगड़ा उम्मीदवार राव यादवेंद्र सिंह यादव को टिकट दिया है। गुना सीट यादव बाहुल सीट मानी जाती है। यहां से मौजूदा सांसद केपी यादव भी यादव वर्ग से आते है। केपी यादव ने ही पिछला लोकसभा का चुनाव भाजपा के टिकट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था। इस बार सिंधिया भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में जीत की जद्दोजहद कर रहे है।
हाल ही में गुना लोकसभा सीट से भाजपा—कांग्रेस प्रत्याशियों का चुनावी खर्च का लेखाजोखा समाने आया है। चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए गए चुनावी खर्च के अनुसार भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव के अंतिम प्रचार तक 72 लाख रूपए करीब खर्च किया है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेन्द्र सिंह यादव ने 8 लाख रूपए के करीब खर्च किया है।
महाराज सिंधिया की जीत के लिए दिग्गजों ने कई जनसभाएं और रोड़ शो किए, लेकिन कांग्रेस के समर्थन में कोई स्टार प्रचारक नहीं पहुंचा। सिंधिया ने 72 लाख रूपए वाहन, रैली, मंच, पानी, कूलर, टैंकर, चुनाव सामग्री, होर्डिंग, हैलीपेड बनाने में खर्च किया है। महाराज सिंधिया ने कुल 71 लाख 82 हजार 780 रूपये खर्च किए है। सिंधिया के लिए केंन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनाव प्रचार किया, लेकिन यादवेन्द्र सिंह यादव के पक्ष में कोई बड़ा नेता नहीं आया।
आपको बता दें कि गुना लोकसभा चुनाव में कुल 15 प्रत्याशी मैदान में है। जिनमें से बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के राव यादवेन्द्र सिंह यादव और बसपा के धनीराम समेत अन्य राजनैतिक दलों के प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे है।