सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 209 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराज्यीय तस्करी के इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को 17 जून को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर एक ट्रेलर के माध्यम से चंद्रपुर, फगुरम, खरसिया होते हुए राजस्थान की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और तत्काल नाकेबंदी की गई।
ट्रेलर की तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा
थाना डभरा पुलिस ने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम बोडासागर के पास सागर फैमिली ढाबा के सामने संदिग्ध ट्रेलर RJ09GC 5216 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखी गई सफेद-नीली प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 40 पैकेटों में भरा 208.965 किलोग्राम गांजा जब्त किया। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 5 किलोग्राम था। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 1.45 करोड़ रुपये आंकी गई है।
फ्लोरस्पार पाउडर की आड़ में हो रही थी तस्करी
जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेलर में भरे फ्लोरस्पार पाउडर की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। पुलिस ने ट्रेलर के साथ फ्लोरस्पार पाउडर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जब्त सामग्री
208.965 किलोग्राम गांजा
ट्रेलर टाटा सिगना RJ09GC 5216
फ्लोरस्पार पाउडर
वीवो कंपनी के 2 मोबाइल फोन
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा सहित थाना और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।