सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर एक मामला सामने आया है। दो बच्चों का जन्म पंजीयन और प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से परेशान एक पिता ने अब परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मामला भोथिया तहसील कार्यालय से जुड़ा है, जहां आमापाली निवासी संतोष पटेल प्रशासन से समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
तीन साल पहले किया था आवेदन
संतोष पटेल के मुताबिक, उन्होंने अपने दोनों बच्चों के जन्म पंजीयन और प्रमाण पत्र के लिए करीब तीन वर्ष पहले ग्राम पंचायत आमापाली में जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया था। उनके बेटे गुड़विंदन पटेल का जन्म 12 अक्टूबर 2021 को और बेटी दुर्गा पटेल का जन्म 15 नवंबर 2022 को हुआ था।
आवेदन किए जाने के बावजूद अब तक दोनों बच्चों का जन्म पंजीयन पूरा नहीं हुआ है और प्रमाण पत्र भी जारी नहीं किया गया है।
कलेक्टर जनदर्शन में भी पहुंची थी शिकायत
परिवार का कहना है कि जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। संतोष पटेल ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत देकर मामले के निराकरण की मांग की थी। इसके बाद भी समस्या दूर नहीं होने पर उन्होंने अब तहसील कार्यालय के सामने भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया।
जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने से जरूरी काम अटके
संतोष पटेल का कहना है कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण कई जरूरी दस्तावेज और सरकारी प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। बच्चों का आधार कार्ड बनवाने, स्कूल में दाखिला कराने और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी सामने आ रही है।
लंबे समय से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिवार अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा है।
प्रशासन से समाधान की मांग
परिवार की मांग है कि दोनों बच्चों का जन्म पंजीयन जल्द पूरा कर जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़े काम बाधित न हों। फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

