रायपुर। छत्तीसगढ़ के उचित मूल्य (राशन) दुकान संचालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन और ज्ञापन सौंप रहे राशन दुकानदारों की समस्याओं पर राज्य सरकार ने सकारात्मक पहल शुरू कर दी है। गुरुवार को रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में आयोजित उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक में राशन दुकानदारों की सात सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में खाद्य विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, विपणन विभाग तथा राशन दुकानदार संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सात सूत्रीय मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा
शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि 24 जून को खाद्य सचिव को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था। उस दौरान कुछ मांगों का तत्काल निराकरण किया गया था, जबकि शेष मुद्दों पर सभी संबंधित संगठनों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया था। इसी के तहत यह बैठक आयोजित की गई।
खाद्य संचालक की अध्यक्षता में हुई बैठक
संयुक्त बैठक की अध्यक्षता खाद्य संचालक फरिहा आलम सिद्दीकी ने की। बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवर्ष भाई सापरिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव विजय धृतलहरे, कार्यकारी अध्यक्ष विजय राठौर सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने दुकानदारों की समस्याएं विस्तार से अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए समाधान की दिशा में सकारात्मक रुख अपनाया।
165 करोड़ रुपये की राशि जारी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि राशन दुकानदारों के लंबित भुगतानों के लिए लगभग 165 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसमें मध्यान्ह भोजन, पूरक पोषण आहार, अमृत नमक योजना, वर्ष 2021 से 2026 तक का लंबित कमीशन, वर्ष 2025-26 का बारदाना भुगतान तथा एनएफएसए और सीजीएफएसए के अंतर्गत मार्जिन राशि शामिल है। इनमें से करीब 43 करोड़ रुपये की राशि संबंधित दुकानदारों के खातों में भेजी भी जा चुकी है।
अन्य लंबित मांगों पर भी मिला आश्वासन
बैठक में वर्ष 2023 से लंबित वित्तीय पोषण राशि के शीघ्र भुगतान का भरोसा दिया गया। साथ ही राशन दुकानदारों के कमीशन को केंद्र सरकार के समान करने की प्रक्रिया भी उच्च स्तर पर विचाराधीन होने की जानकारी दी गई। इसके अलावा क्षतिपूर्ति, भंडारण व्यवस्था, कांटा सत्यापन, अतिरिक्त मार्जिन और बारदाना उठाव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भी ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
संघ ने सरकार के प्रति जताया आभार
बैठक के बाद राशन दुकानदार संघ ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों बाद पहली बार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर और सकारात्मक पहल देखने को मिली है। संघ ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और खाद्य संचालक फरिहा आलम सिद्दीकी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कई जिलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी एवं विभिन्न राशन दुकानदार संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों से राशन दुकानदारों को राहत मिलेगी और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद बढ़ी है।