जगदलपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 7 जुलाई को एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में निजी क्षेत्र की 13 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और 1595 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन सीधे साक्षात्कार (Walk-in Interview) के माध्यम से किया जाएगा।
रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज, आड़ावाल में आयोजित होगा। जिला रोजगार अधिकारी जय प्रकाश कौशिक ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के शिक्षित एवं कुशल युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।
10वीं से ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को मिलेगा मौका
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक और डिप्लोमा इंजीनियरिंग की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता और इंटरव्यू के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
इन पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में बीमा सखी, टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, ऑफिस बॉय, सिक्योरिटी गार्ड, ट्रेनिंग ऑफिसर, लीगल एडवाइजर, वेल्डर, फायरमैन, नर्सिंग असिस्टेंट, पैकेजिंग स्टाफ, ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, होम केयर टेकर, बेबी सिटर, रिलेशनशिप मैनेजर, टेलीकॉलर, कुक, वेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, मैकेनिक समेत कई अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी।
₹7 हजार से ₹28 हजार तक मिलेगी सैलरी
चयनित अभ्यर्थियों को पद और कंपनी के अनुसार ₹7,000 से ₹28,000 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। अलग-अलग कंपनियों द्वारा अपने भर्ती मानदंड और वेतनमान निर्धारित किए गए हैं।
पहले करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को पहले विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण पूरा करने के बाद अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर इंटरव्यू स्थल पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
साथ लेकर जाएं ये जरूरी दस्तावेज
इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थियों को सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी अपने साथ रखना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उम्मीदवारों को इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
रोजगार अधिकारियों का कहना है कि यह मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। एक ही स्थान पर कई कंपनियों में इंटरव्यू देने का अवसर मिलने से अभ्यर्थियों को रोजगार पाने की संभावना भी बढ़ेगी।