Bhopal Nagar Nigam Budget : भोपाल नगर निगम की बजट बैठक बुधवार को करीब आधे घंटे की देरी से शुरू हुई, लेकिन शुरुआत होते ही सदन में हंगामे का माहौल बन गया। इस बार निगम सरकार का बजट करीब 3500 करोड़ रुपये का प्रस्तावित है, लेकिन बैठक में गौकशी और स्लाटर हाउस का मामला छाया रहा।
बैठक शुरू, गरमाया सदन
बैठक शुरू होते ही विपक्ष की नेता सबिस्ता जकी ने स्लाटर हाउस में कथित गौकशी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बैठक में कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विपक्ष ने असलम चमड़ा सहित आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाते हुए जांच रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करने की मांग की। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि रिपोर्ट परिषद कार्यालय में उपलब्ध है और सदस्य उसे देख सकते हैं।
रिपोर्ट को लेकर बहस तेज
सबिस्ता जकी ने अध्यक्ष से रिपोर्ट सदन में पढ़कर सुनाने की मांग की, जिस पर अध्यक्ष ने समय की कमी का हवाला देते हुए मना कर दिया। इसके बाद विपक्ष ने आरोप लगाया कि अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
महापौर और विपक्ष में नोकझोंक
मामले पर महापौर मालती राय ने कहा कि संबंधित टेंडर उनके कार्यकाल से पहले जारी हुआ था और यदि शर्तों का उल्लंघन पाया गया है तो स्लाटर हाउस को सील किया जा चुका है। उन्होंने हाईकोर्ट के निर्देशों का भी उल्लेख किया। इस दौरान महापौर मालती राय और नेता प्रतिपक्ष सबिस्ता जकी के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
अन्य मुद्दों पर भी विपक्ष की तैयारी
बैठक में गोमांस और लोकायुक्त की नई बिल्डिंग जैसे मुद्दों पर भी विपक्ष शहर सरकार को घेरने की तैयारी में है। हालांकि गौकशी का मामला प्रमुख रूप से चर्चा का केंद्र बना रहा।