Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम गतिविधियों से जुड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समीक्षा बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पेंड्रा में खेल गतिविधियों की शुरुआत होगी, वहीं रायपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। दूसरी ओर रेलवे से जुड़ी अहम खबर सामने आई है, जिसके तहत 18 ट्रेनें रद्द रहेंगी। सुबह की इन प्रमुख खबरों पर डालिए एक नजर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज मंत्रालय में व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मंत्रालय में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्रालय में रहेंगे। इस दौरान वे अलग-अलग विभागों के कामकाज और महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 5:25 बजे मंत्रालय से अपने निवास के लिए रवाना होंगे।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आज से खेलों का महाकुंभ
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज से 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज होने जा रहा है। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 18 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन पेंड्रा स्थित फिजिकल कॉलेज खेल मैदान में होगा, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से करीब 540 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताईक्वांडो और कबड्डी की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की आज प्रेस कॉन्फ्रेंस
रायपुर में आज खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 1 बजे संवाद ऑडिटोरियम में होगी। इस दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की पिछले ढाई साल की उपलब्धियों और प्रमुख कार्यों की जानकारी दी जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग की सचिव रीना बाबा कंगाले भी मौजूद रहेंगी।
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। सांसद रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई राष्ट्रीय टीम के सभी सदस्यों की पहली बैठक 22 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित है। छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रायपुर में 2 सितंबर को रोजगार मेला, 877 पदों पर भर्ती का मौका
राजधानी रायपुर में 2 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार कार्यालय, सिविल लाइंस में होने वाला यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 8 कंपनियां अभ्यर्थियों की भर्ती करेंगी। कुल 877 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का अवसर मिलेगा। 10वीं, 12वीं, स्नातक और ITI पास युवाओं के साथ वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, डिप्लोमा और कृषि क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थी भी इसमें शामिल हो सकेंगे। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी रोजगार विभाग के पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आज राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज
छत्तीसगढ़ में बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए आज राज्य स्तरीय टेबल-टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसके बाद 20 अगस्त को प्रदेशव्यापी मॉक ड्रिल प्रस्तावित है। NDMA की ओर से आपदा प्रबंधन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखना है। मॉक एक्सरसाइज के दौरान राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की देरी न हो, इस पर विशेष फोकस रहेगा।
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 18 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द
रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में पांचवीं रेल लाइन से जुड़े कार्य के चलते छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 18 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। ट्रेनों का संचालन 25 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच प्रभावित रहेगा। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक के चलते यह निर्णय लिया गया है। इससे छत्तीसगढ़ से झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी जाती है।