Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज का दिन प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक सहित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा भाजपा सहयोग केंद्र में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जबकि स्वामी आत्मानंद स्कूल के संविदा शिक्षक अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन भी आंदोलन जारी रखेंगे।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक समाप्त होने के बाद वे नया रायपुर के सेक्टर-39 स्थित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3 बजे मंत्रालय में टास्क फोर्स की बैठक लेंगे और शाम 4 से 5 बजे तक शासकीय कार्यों का निपटारा करेंगे। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मंत्रिपरिषद की बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही किसानों के लिए खाद की उपलब्धता, विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से विचार-विमर्श होने की संभावना है।
भाजपा सहयोग केंद्र में शिक्षा मंत्री सुनेंगे समस्याएं
भाजपा के सहयोग केंद्र में आज शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मौजूद रहेंगे। वे आम नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे। यह कार्यक्रम भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित किया जाएगा। आगामी 6 अगस्त को टंकराम वर्मा और 7 अगस्त को रामविचार नेताम सहयोग केंद्र में मौजूद रहेंगे।
रायपुर में रोजगार मेले का आयोजन
राजधानी रायपुर के जोरा स्थित लाइवलीहुड कॉलेज में आज रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें पांच निजी कंपनियां कुल 137 पदों पर भर्ती करेंगी। 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर सहित तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इसमें भाग लेकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
संविदा शिक्षकों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी
स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक कर्मचारी संघ का आंदोलन आज दूसरे दिन भी जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी शिक्षक नियमितीकरण, मानदेय में वृद्धि और अन्य छह सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन करेंगे। संघ का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।