Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में गुरुवार की शुरुआत कई अहम घटनाक्रमों के साथ हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दूसरी ओर, 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पूरे दिन राजधानी रायपुर में रहेंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12 बजे आरंग में आयोजित भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे 'दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव-2026' कार्यक्रम में भाग लेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सत्र के दौरान प्रदेश में खाद और बीज की उपलब्धता, किसानों से जुड़े मुद्दे, विकास कार्यों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है।
मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में येलो अलर्ट
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। मौसम विभाग ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, बिलासपुर, बीजापुर और धमतरी जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में भी दिन के दौरान आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।