ICC T20 Rankings: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर ली हैं। भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इसी जीत का फायदा उसे ICC Men's T20I Ranking में भी मिला, जहां भारत ने इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम बनने का गौरव हासिल कर लिया। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में मिली हार के बाद भारत शीर्ष स्थान से नीचे खिसक गया था, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर लगातार दमदार प्रदर्शन ने टीम को फिर से शिखर पर पहुंचा दिया है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में भारत ने संतुलित खेल दिखाया।
ईशान किशन और तिलक वर्मा ने संभाली पारी
हरारे में खेड़े गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती ओवरों में दो विकेट गिर गए। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण साझेदारी की। ईशान किशन ने 44 गेंदों में शानदार 81 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने मात्र 29 गेंदों में नाबाद 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। शुरुआती नौ ओवरों में ही मेजबान टीम के पांच बल्लेबाज आउट हो गए और इसके बाद कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। पूरी जिम्बाब्वे टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 90 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

ईशान किशन ने बताया जीत का मंत्र
मैच के बाद ईशान किशन ने कहा कि शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद टीम ने घबराने के बजाय साझेदारी बनाने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों का लक्ष्य पहले विकेट की परिस्थितियों को समझना था और फिर उसी हिसाब से पारी को आगे बढ़ाना था। कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ हुई साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया, जिसका फायदा अंत में बड़े स्कोर के रूप में मिला।
भारत ने दिया आलोचकों को जवाब
इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय टीम की रणनीति और प्रदर्शन पर सवाल उठाए जा रहे थे। हालांकि जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया ने अपने खेल से सभी आलोचनाओं का जवाब दिया है। टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी में शानदार संतुलन दिखाते हुए यह साबित कर दिया कि वह अभी भी दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीमों में शामिल है।
