सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी उठाईगिरी की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। व्यस्त बाजार क्षेत्र में एक सर्राफा कारोबारी की स्कूटी से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
दुकान खोलते समय दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 11:30 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने स्कूटी में आभूषणों से भरा बैग टांग रखा था। जैसे ही वह दुकान का शटर खोलने में व्यस्त हुए, पहले से मौके पर नजर बनाए बैठे बाइक सवार दो बदमाश कुछ ही सेकंड में बैग लेकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से गायब हो चुके थे।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच के दौरान एक नकाबपोश युवती भी कैमरे में दिखाई दी है, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। पुलिस उसकी संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
व्यापारियों में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद सीतापुर के व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नगर में पहले भी चेन स्नेचिंग और चोरी जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस जांच जारी, तकनीकी साक्ष्यों पर फोकस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी थी, लेकिन जांच तेज कर दी गई है।