Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में आज कई अहम कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धार्मिक कार्यक्रमों से लेकर शिक्षा से जुड़े आयोजनों में हिस्सा लेंगे। वहीं रायपुर में ‘सुशासन तिहार 2026’ की शुरुआत होगी। दूसरी ओर महादेव सट्टा ऐप के विज्ञापनों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
हटकेश्वर नाथ मंदिर में रुद्राभिषेक करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह महादेवघाट स्थित हटकेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर रुद्राभिषेक करेंगे। गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह विशेष आयोजन रखा गया है। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे महादेवघाट पहुंचेंगे और वहीं से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
रायपुर में आज से शुरू होगा खेल प्रशिक्षण शिविर
राजधानी रायपुर में 11 मई से 21 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हो रही है। इस शिविर में बच्चों और युवाओं को 22 अलग-अलग खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में अनुभवी प्रशिक्षक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।
रायपुर में ‘सुशासन तिहार 2026’ का आगाज
राजधानी रायपुर में आज से ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों की शुरुआत होगी। इस अभियान के जरिए आम लोगों की शिकायतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। पहला शिविर जोन-3 क्षेत्र के शंकरनगर स्थित सिंधु भवन परिसर में लगाया जाएगा। शिविर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। प्रशासन का दावा है कि आम जनता को त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
पेयजल संकट को लेकर बिरगांव में AAP का प्रदर्शन आज
आम आदमी पार्टी के नेता आज बिरगांव नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट बना हुआ है और लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। AAP नेताओं के अनुसार सरकार और जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ता निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। इस संबंध में जानकारी पार्टी के मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने दी।
महादेव सट्टा ऐप के विज्ञापनों पर कांग्रेस का हमला
महादेव सट्टा ऐप के सोशल मीडिया विज्ञापनों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद महादेव सट्टा ऐप पर कार्रवाई नहीं हो रही है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब सरकार सोशल मीडिया पर आम लोगों की पोस्ट तक हटवा देती है, तब फेसबुक और इंस्टाग्राम पर खुलेआम चल रहे सट्टा ऐप के विज्ञापन क्यों नहीं रोके जा रहे। कांग्रेस ने भाजपा से यह भी पूछा कि महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े आरोपियों रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी को अब तक भारत क्यों नहीं लाया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा ने इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की थी।