Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कई महत्वपूर्ण सरकारी, राजनीतिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रालय में समीक्षा बैठकों और प्रेस वार्ता में शामिल होंगे। वहीं, 'तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026' की घोषणा के साथ स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सांस्कृतिक आयोजनों की शुरुआत होगी। दूसरी ओर, भाजपा के सहयोग केंद्र में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा आम जनता की समस्याएं सुनेंगे। स्वास्थ्य विभाग प्रदेश के पहले मदर मिल्क बैंक की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह मंत्रालय पहुंचकर विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे। वे पारस राज्य प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे महानदी भवन मंत्रालय में VB-GRAM-G से जुड़े विषयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान योजना की प्रगति, उद्देश्य और आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा करेंगे। प्रेस वार्ता के बाद ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री शासकीय कार्यों में व्यस्त रहेंगे।
'तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026' का होगा आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम, कला केंद्र और डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट संस्कृति के संयुक्त तत्वावधान में 'तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026' का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए 10 और 11 अगस्त को टाउन हॉल में ऑडिशन होगा। वहीं शहीद स्मारक भवन में 14 अगस्त को ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जहाँ पर देशभक्ति, नारी शक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित प्रस्तुतियां होगी, साथ ही नृत्य, कविता पाठ, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होगी।
VB-GRAM-G पर मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर 1 बजे महानदी भवन मंत्रालय में मीडिया से बातचीत करेंगे। इस दौरान VB-GRAM-G से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजना की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियां और भविष्य की रणनीति भी साझा की जाएगी।
BJP सहयोग केंद्र में आज सुनवाई करेंगे टंक राम वर्मा
भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में आज राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा जनता की समस्याएं सुनेंगे। जनता अपनी राजस्व, भूमि, नामांतरण और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर सीधे मंत्री से मुलाकात कर सकेगी। वहीं, कल इस सहयोग केंद्र में मंत्री रामविचार नेताम लोगों की शिकायतें सुनेंगे।
छत्तीसगढ़ में स्थापित होगा पहला मदर मिल्क बैंक
प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। छत्तीसगढ़ के पहले मदर मिल्क बैंक की स्थापना के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री करेंगे। इस अवसर पर मातृत्व और नवजात शिशुओं की देखभाल में विशेष योगदान देने वाली 10 प्रेरणादायी माताओं को 'माता यशोदा सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा।