Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और धार्मिक गतिविधियों का खासा असर देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लेकर नगर निगम की कार्रवाई, ट्रैफिक सख्ती और मौसम विभाग की चेतावनी तक आज का दिन कई मायनों में अहम है।
CM विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में ही रहेंगे। शाम 7:00 बजे वे हनुमान जन्म महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन नर्मदा कुंड मंदिर, स्टेशन चौक में होगा। रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम तय है।
BJP का ‘गांव चलो अभियान’ 6 से 14 अप्रैल तक
भारतीय जनता पार्टी द्वारा 6 से 14 अप्रैल तक “गांव चलो अभियान” चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री समेत मंत्री, विधायक और सांसद गांवों का दौरा करेंगे। डिप्टी CM अरुण साव और विजय शर्मा भी सक्रिय भूमिका में रहेंगे। हर विधानसभा में लगभग 50 गांवों का चयन किया गया है। इसके साथ ही चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी। सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा होगी। स्वच्छता अभियान और पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे।
नगर निगम का बकायादारों पर एक्शन प्लान
रायपुर नगर निगम ने टैक्स वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। 30 अप्रैल तक 35 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य रखा है, जिसके मुताबिक 31 मार्च तक कुल 350 करोड़ की वसूली करेंगे। इस प्रॉपर्टी टैक्स से 240 करोड़ प्राप्त होगा। इसके साथ ही सीलबंदी और पानी कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी हैं।अप्रैल में 400 करोड़ से ज्यादा वसूली का टारगेट रखा गया है।
यातायात नियमों में सख्ती
रायपुर ट्रैफिक पुलिस अब नियमों को लेकर बेहद सख्त हो गई है। नशे में ड्राइविंग पर पहली बार 6 महीने की जेल या ₹10,000 जुर्माना लगा है।दूसरी बार पकड़े जाने पर 1 साल तक की कैद और ₹15,000 जुर्माना लगेगा।पिछले 3 महीनों में 1580 वाहन जब्त लिए गए हैं, रोजाना करीब 4000 ई-चालान जारी है। इसके अलावा बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई की गई है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा में ऑरेंज अलर्ट और चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, दुर्ग, धमतरी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गरज-चमक और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।
शराब घोटाले में ED कोर्ट की बड़ी कार्रवाई
रायपुर में कथित शराब घोटाले को लेकर आज बड़ा दिन है। ED कोर्ट ने 55 से अधिक लोगों को समन जारी किया है। आबकारी अधिकारी, बिजनेसमैन और एजेंटों को कोर्ट में तलब किया है, और आज बड़ी संख्या में आरोपियों की पेशी संभावित हैं।
बावली वाले हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
रायपुर के प्रसिद्ध बावली वाले हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर भारी भीड़ उमड़ रही है। दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, मान्यता है कि इस बावली से तीन हनुमान प्रतिमाएं प्रकट हुईं है। ये प्रतिमाएं गुढ़ियारी मच्छी तालाब, दूधाधारी मठ और मंदिर परिसर में स्थापित हैं। मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।