रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गांजा के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.295 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन “आघात” के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाना है।
कॉलेज के पास नाकाबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुंजारा स्थित कॉलेज के समीप नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध हुलिए का एक व्यक्ति थैला लेकर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी में बरामद हुआ गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान लैलूंगा क्षेत्र के निवासी रूपसिंह सिदार (65 वर्ष) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके बैग से 1.295 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 64 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर गांजा जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ऑपरेशन “आघात” के माध्यम से नशे के नेटवर्क को तोड़ने और तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।