सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित RKM Powergen Pvt Ltd के पावर प्लांट से एक कर्मचारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, फगुरम चौकी क्षेत्र के उच्चपिंडा गांव स्थित प्लांट में सीबीटेक कंपनी के तहत कार्यरत मेंटेनेंस वर्कर सुरेश टंडन शुक्रवार सुबह अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
40 मीटर ऊंचे बंकर में मिले कपड़े और अवशेष:
प्लांट परिसर में तलाश के दौरान करीब 40 मीटर ऊंचाई पर बने बंकर में सुरेश टंडन के कपड़े और शरीर के कुछ हिस्से मिलने की सूचना सामने आई है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटनास्थल को सील कर जांच प्रक्रिया जारी है।
परिजनों का धरना, मुआवजे और कार्रवाई की मांग:
घटना से आक्रोशित परिजन पावर प्लांट के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती गई है। परिजनों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो, जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
पुलिस जांच में जुटी:
फगुरम चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। RKM पावर प्लांट से कर्मचारी के लापता होने और बंकर में अवशेष मिलने की घटना ने औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्य से पर्दा उठ सके।