महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को INH-हरिभूमि जिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बागबाहरा मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार के दो वर्षों के कामकाज, विकास, वादों और भविष्य के विजन पर खुला संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन INH-हरिभूमि के नेशनल ब्यूरो हेड शैलेश पांडेय ने किया। उन्होंने सरकार के दो साल के कार्यकाल को लेकर विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों, अधूरे वादों, योजनाओं के क्रियान्वयन और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
सरकार के दो साल के प्रदर्शन का मूल्यांकन
इस जिला संवाद का मुख्य उद्देश्य सरकार के दो साल के प्रदर्शन का मूल्यांकन जनता के बीच करना रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विकास योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और स्थानीय समस्याओं पर अपनी राय रखी तथा जनप्रतिनिधियों से सीधे सवाल भी पूछे। कार्यक्रम में IMA महासमुंद के अध्यक्ष डॉ. एच. बी. कालिकोटी और बीरकोनी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र चंद्राकर सहित जिले के कई प्रमुख नागरिक भी शामिल हुए। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और विकास की संभावनाओं पर विचार साझा किए।जिला संवाद के दौरान सरकार के दो साल के रिपोर्ट कार्ड को जनता के सामने रखा गया, जहां उपलब्धियों के साथ-साथ चुनौतियों और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान पर सार्थक मंथन हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे संवाद कार्यक्रम शासन, प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न विषयों पर संवाद
बागबाहरा मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत, चिकित्सा क्षेत्र और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर मौजूद हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विकास से जुड़े मुद्दों पर खुली चर्चा करना है। कार्यक्रम के दौरान हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी आमंत्रित अतिथियों से जिले के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं, अधूरे वादों और भविष्य के विजन पर सवाल करेंगे। वहीं, नेशनल ब्यूरो हेड शैलेश पांडेय भी विभिन्न विषयों पर संवाद का संचालन करेंगे।
जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, अध्यक्ष बीज निगम चंद्रहास चंद्राकर, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, डॉ. संपत अग्रवाल, द्वारिकाधीश यादव, चातुरी नंद, भाजपा जिलाध्यक्ष एतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, इंद्रजीत सिंह गोल्डी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, पूर्व पीसीसी महामंत्री अमरजीत चावला, अंकित बागबाहरा समेत कई वरिष्ठ राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।
जनता के सवालों पर खुला मंथन
जिला संवाद में आम नागरिकों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि सीधे तौर पर अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, कानून-व्यवस्था, कृषि, पेयजल सहित जिले से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रशासन की ओर से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो संबंधित विषयों पर अपनी बात रखेंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य जिले के विकास में योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।