कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बरपाली गांव में एक महिला की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला का शव घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय संतोषी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव ने मारपीट के बाद उसकी हत्या की और शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से कथित आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कई दिनों से लापता थी महिला
जानकारी के अनुसार संतोषी पिछले करीब दो वर्षों से मनोज उरांव के साथ रह रही थी। इससे पहले उसकी शादी हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पति की मृत्यु के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। बाद में वह मनोज के साथ रहने लगी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट होने की जानकारी सामने आई है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। आरोप है कि उसी दिन शाम को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और इसके बाद संतोषी की मौत हो गई। पुलिस जांच के मुताबिक, महिला की मौत के बाद उसके शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया गया।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची संतोषी
अगले दिन रक्षाबंधन होने के कारण संतोषी के भाई उसके मायके आने का इंतजार कर रहे थे। जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने मनोज से उसके बारे में जानकारी मांगी।आरोप है कि मनोज ने परिजनों को बताया कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। कई दिनों तक महिला का कोई पता नहीं चलने पर परिवार को संदेह हुआ और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
सेप्टिक टैंक से आई दुर्गंध, खुला मौत का राज
19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोस सहित अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। घर के पीछे जाने पर उन्हें सेप्टिक टैंक का ढक्कन कुछ खुला हुआ दिखाई दिया। टैंक से तेज दुर्गंध आने के बाद उन्हें संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही श्यांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खुलवाया गया। अंदर से एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान संतोषी के रूप में की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव बरामद करने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और मेडिकल कॉलेज की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में महिला के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
आरोपी की तलाश में पुलिस
घटना के बाद से मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को सेप्टिक टैंक में किस तरह छिपाया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के आरोप, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।