रायपुर: प्रदेश में भाजपा सरकार के ढाई साल पूरे होने के अवसर पर हरिभूमि-आईएनएच की ओर से जिला स्तर पर ‘जिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार, 5 सितंबर 2026 को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के विकास कार्यों, भविष्य की संभावनाओं और स्थानीय जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी जिले में हुए विकास कार्यों और आने वाले समय में विकास की संभावनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। इस दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजन
जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन खैरागढ़ स्थित राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे से होगी। इस आयोजन में सांसद संतोष पांडेय के साथ जिले के वर्तमान एवं पूर्व विधायक, भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, समाजसेवी, व्यापारी और शिक्षा जगत से जुड़े लोग शामिल होंगे।
विधायक यशोदा वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल और गिरवर जंघेल की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, खैरागढ़ पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, नगर पालिका खैरागढ़ अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो और छुईखदान नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज किशोर दास भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राजनीतिक क्षेत्र से भाजपा जिला अध्यक्ष बिशेसर साहू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष कोमल साहू और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष घम्मन साहू सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर-एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल
जिला संवाद कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की भी सहभागिता रहेगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।इसके अलावा राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति लवली शर्मा और सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा भी कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे।
शिक्षा, व्यापार और समाज से जुड़े लोग भी रखेंगे अपनी बात
जिला संवाद कार्यक्रम को विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से व्यापक स्वरूप दिया गया है। व्यापार जगत से नरेन्द्र बोथरा, समाजसेवी भागवत शरण सिंह और शिक्षाविद पीसी लाल यादव भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में जिले की मौजूदा स्थिति, विकास की जरूरतों, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद होने की उम्मीद है। इसके साथ ही आने वाले समय में जिले को विकास की नई दिशा देने के लिए संभावित अवसरों और चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
विकास और जनहित के मुद्दों पर रहेगा फोकस
भाजपा सरकार के ढाई साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह जिला संवाद कार्यक्रम क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार के कामकाज और स्थानीय अपेक्षाओं के बीच संवाद का मंच बनेगा। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों की मौजूदगी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।