MP BJP President Election : मध्यप्रदेश के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा के राज्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही साथ राज्य निर्वाचक मंडल की सूची का प्रकाशन भी कर दिया गया। नामांकन पत्र मंगलवार को शाम 4.30 से 6.30 के बीच में जमा होंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी भी उसी दिन होगी। इसके तत्काल बाद नामांकन पत्रों की अंतिम सूची की घोषणा कर दी जाएगी। जरूरी होने पर मतदान बुधवार को कराया जाएगा। परिणाम की घोषणा दोपहर दो बजे की जाएगी।
आदिवासी होगा अध्यक्ष?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अंदरूनी तौर पर स्थिति लगभग साफ हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद पर पार्टी किसी आदिवासी नेता पर दांव आजमाने जा रही है। हालांकि, जिस तरह से दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है। ऐसे में कुछ भी कहना मुश्किल होगा। दावेदारों में आदिवासी नेता केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके पहले नंबर पर हैं। हालांकि दावेदारों में बैतूल से ही विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम भी सुर्खियों में है। उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पसंद भी माना जा रहा है। पर जिस तरह से केंद्रीय मंत्री उईके ने 21 जून के योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ मंच साझा किया था, इससे यह साफ हो गया था कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी बांडिंग भी काफी अच्छी है। आदिवासी नेताओं में गजेंद्र सिंह पटेल, सुमेर सिंह सोलंकी का नाम भी रेस में शामिल हैं। ब्राह्मण वर्ग के नेताओं में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक रामेश्वर शर्मा, जबलपुर सांसद आशीष दुबे, भोपाल सांसद आलोक शर्मा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं।
379 मतदाता करेंगे मतदान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में वैसे तो मतदान की नौबत शायद ही आए। लेकिन परंपरा अनुसार अध्यक्ष के लिए किसी एक ही व्यक्ति का नामांकन होना है। उसी के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी। यह भी हाईकमान से मिले नाम पर ही सब कुछ होता है। बावजूद इसके पार्टी ने भाजपा के 379 मतदाताओं के नामों पर प्रकाशन किया है। यह सभी नेता चुनाव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जारी सूची में 4 सांसद और 17 विधायक भी शामिल हैं। सांसदों में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार खटीक का नाम है। विधायकों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, तुलसी सिलावट, एदल सिंह कंसाना, अजय बिश्नोई, संपतिया उईके, ओमप्रकाश सकलेचा, संजय पाठक, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, नारायण सिंह कुशवाहा और मालिनी गौड़ शामिल हैं।
आज शाम प्रधान आएंगे भोपाल
भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार शाम 4 बजे भोपाल पहुंचेंगे। उनके आने के बाद ही नामांकन की प्रकि्रया शाम 4.30 बजे से शुरू होगी। चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर और धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसी दिन शाम को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान व ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत सभी दिग्गज भोपाल पहुंचेंगे। इसके साथ ही मप्र के सभी विधायक, प्रदेश प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सांसद, राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ केंद्रीय डॉ. वीरेंद्र कुमार, डीडी उईके, सावित्री ठाकुर सहित तमाम वरिष्ठ नेता भी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे।