भोपाल : मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज होने जा रही है। जिसके चलते प्रदेश के 52 जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार है। तो वही पन्ना, सतना और रीवा में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इन जिलों में करीब 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।
52 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मध्य प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा, जिसमें आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. रीवा, सतना, पन्ना, शहडोल, उमरिया, मंडला, डिंडोरी, कटनी और जबलपुर जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी हिस्से में भोपाल, इंदौर, सीहोर, रायसेन, देवास, धार, उज्जैन, रतलाम और नर्मदापुरम में भी बारिश हो सकती है.
सामान्य बारिश की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 16.8 इंच बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, यह आंकड़ा सामान्य बारिश की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश का सिस्टम सक्रिय रहने पर इस कमी में कुछ सुधार हो सकता है। भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।