पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में आयोजित हरिभूमि-आईएनएच जिला संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, पर्यटन, शिक्षा, कौशल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर मंत्री से सवाल-जवाब किए। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 27 महीनों से लगातार जनहित के कार्यों को गति दे रही है। उनका दावा था कि प्रदेश में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और अब सरकार का अगला लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में शामिल करना है।
आईटीआई होंगे हाईटेक, जीपीएम को मिलेगा विशेष लाभ
गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि प्रदेश के आईटीआई संस्थानों को आधुनिक तकनीक से लैस करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। केंद्र सरकार की पीएम सेतु योजना के तहत कई आईटीआई को हाईटेक बनाया जाएगा। यदि जीपीएम जिला इस योजना में शामिल नहीं हो पाता है तो राज्य सरकार अपने बजट से यहां के आईटीआई का विस्तार और उन्नयन करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा ताकि रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
बाईपास और 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का दावा
मंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित बाईपास निर्माण की मांग को वर्तमान विधानसभा सत्र में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। चार करोड़ रुपये की लागत से सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण भी जारी है।

मरवाही में जीत कायम रहेगी, कोटा पर भी भाजपा की नजर
राजनीतिक सवालों के जवाब में गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मरवाही विधानसभा में भाजपा की जीत आगे भी बरकरार रहेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कोटा विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में आएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास कार्यों और अपनी विचारधारा के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
एससी-एसटी छात्रों के लिए कई योजनाएं
अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश में छात्रावास, एकलव्य विद्यालय और दिल्ली में संचालित हॉस्टल छात्रों को बेहतर शिक्षा का अवसर दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पायलट बनने के इच्छुक एससी-एसटी छात्रों को सरकार प्रतिवर्ष 15 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान कर रही है। साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल और लाइवलीहुड कॉलेजों में भी आधुनिक प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि नक्सलवाद पर नियंत्रण और विकास कार्यों में तेजी है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। 18 लाख लंबित आवासों का निर्माण शुरू किया गया। प्रतिदिन लगभग 1600 घर बनाए जा रहे हैं। 24 लाख नए आवासों की स्वीकृति मिली, जिनमें से 8.5 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं। प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। जीपीएम जिले में तीन एकलव्य विद्यालय और 12 छात्रावास संचालित हैं।
सीएम हेल्पलाइन का भी किया उल्लेख
सरकार पर फैसले लेने को लेकर उठते सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं और तय समय सीमा में उनका निराकरण किया जा रहा है।