बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बलौदाबाजार जिले में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में उनके कार्यों में गंभीर कमियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
शराब बिक्री शिकायत की जांच में मिली गंभीर खामियां
सूत्रों के अनुसार रोहासी क्षेत्र में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की जांच की जिम्मेदारी आबकारी उप निरीक्षक पी. माधव राव को सौंपी गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद विभाग को रिपोर्ट पर संदेह हुआ, जिसके चलते मामले की पुनः जांच कराई गई। दोबारा हुई जांच में जांच दल ने कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी, प्रक्रियागत त्रुटियां और जांच में लापरवाही सामने आने की पुष्टि की। इसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया।
आयुक्त के आदेश पर तत्काल निलंबन
पुनः जांच रिपोर्ट के आधार पर आबकारी आयुक्त ने पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रायपुर स्थित मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक और उप निरीक्षक पर कार्रवाई, एडीईओ के खिलाफ भी प्रस्ताव
आबकारी विभाग ने इसी क्रम में प्रदेश के एक अन्य आबकारी उप निरीक्षक को भी निलंबित किया है। वहीं एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी (ADEO) के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी जांच कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।