Kerala ED Raid: केरल की राजनीति में बुधवार सुबह उस समय हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है, जिसमें उनकी बेटी वीणा विजयन का नाम भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने तिरुवनंतपुरम स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के आवास, उनके किराए के घर और कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) के दफ्तर समेत कुल 12 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
वीणा विजयन और CMRL कनेक्शन क्या है?
यह मामला साल 2012-13 से 2018-19 के बीच हुए कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, CMRL ने ट्रांसपोर्टेशन और स्लज हैंडलिंग के नाम पर करीब 133.82 करोड़ रुपये का फर्जी खर्च दिखाया था। आरोप है कि यह रकम बाद में नकद के रूप में प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाई गई। ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि 2017 और 2018 के दौरान करीब 1.72 करोड़ रुपये एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस नाम की कंपनी को दिए गए थे। इस कंपनी का स्वामित्व वीणा विजयन के पास बताया जाता है। एजेंसी का दावा है कि भुगतान के बदले कोई वास्तविक सेवा नहीं दी गई थी।
2024 में दर्ज हुआ था मनी लॉन्ड्रिंग केस
प्रवर्तन निदेशालय ने साल 2024 में वीणा विजयन और उनकी कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। इसके बाद से एजेंसी लगातार वित्तीय रिकॉर्ड और लेन-देन की जांच कर रही है। बुधवार को केरल हाईकोर्ट द्वारा जांच जारी रखने की अनुमति मिलने के तुरंत बाद ईडी ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की। हालांकि अब तक पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan से आधिकारिक पूछताछ की जानकारी सामने नहीं आई है।
सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल
पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्ष ने मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है, जबकि सत्तारूढ़ दल इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहा है। फिलहाल ईडी की तलाशी जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।