भोपाल। बुधवार को भी सर्दी में बढ़ोतरी दर्ज हुई। राजधानी में सीजन की सबसे सर्द रात रही। रात का पारा 1.8 डिग्री गिरकर सीजन में पहली बार 8.8 डिग्री पर रहा, जिससे सर्दी में तेजी से इजाफा हुआ। प्रदेश के दो दर्जन जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा। सभी जिलों के न्यूनतम तापमान में औसतन एक डिग्री की गिरावट से सर्दी के तेवर और तीखे रहे।
न्यनूतम पारा 7 से 9 डिग्री के बीच रहा
प्रदेश में सबसे कम रात का पारा ग्वालियर में 5.7 डिग्री रहा। खरगोन और धार में कोल्ड-डे रहा। मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार के बाद से कुछ जिलों में तेज सर्दी से कुछ राहत रहेगी। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी हवाएं उत्तरी रहने से रात के तापमान में और गिरावट रही। बुधवार को भोपाल, बैतूल, धार, दतिया, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, रायसेन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, खजुराहो, नौगांव, रीवा, सागर, सतना, सीधी, उमरिया और मलाजखंड आदि जिलों में रात का पारा 10 डिग्री के नीचे रहा है। भोपाल सहित एक दर्जन जिलों में न्यनूतम पारा 7 से 9 डिग्री के बीच रहा।