रायपुर: छत्तीसगढ़ में मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में राज्यभर से कुल 34,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के लिए 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
व्यापमं ने जारी किए दिशा-निर्देश
परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए छत्तीसगढ़ व्यापमं ने विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि जांच प्रक्रिया में देरी न हो।
एंट्री से पहले होगी सख्त जांच
सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की पुलिस द्वारा फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) की जाएगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को परीक्षा केंद्र में ले जाने की सख्त मनाही होगी।
ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए विशेष ड्रेस कोड लागू किया गया है, केवल हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। काले, गहरे नीले और हरे रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित है। जूते, मोजे, बेल्ट और स्कार्फ पहनने की अनुमति नहीं दी है, अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। साथ ही परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचकर सभी निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा, अन्यथा प्रवेश में परेशानी हो सकती है। मंडी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं।अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।