रायपुर: छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय औद्योगिक विकास समिति की बैठक में प्रदेश के चार नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव विकासशील ने की।
चार जिलों में विकसित होंगे आधुनिक औद्योगिक पार्क
समिति की दूसरी बैठक में विभिन्न जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद निम्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई—
राजनांदगांव के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
धमतरी के पटेवा में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
जांजगीर-चांपा के धूम्रपाली/सलखान क्षेत्र में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
बस्तर के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
इन परियोजनाओं के शुरू होने से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।
केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल
औद्योगिक पार्कों का विकास केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना और राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति के तहत किया जा रहा है। परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृति और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक
बैठक में वित्त, उद्योग, आवास एवं पर्यावरण, ऊर्जा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति, निवेश संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
राज्य सरकार का मानना है कि इन नए औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और प्रदेश निवेशकों के लिए एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा।