दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह 07 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मतदाता बढ़ चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा ले रहे है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक कुल 50.26 प्रतिशत मतदान हो चुके है। लोग लगातार अपने मत का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केन्द्रो पर पहुंच रहे है। जहां शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की प्रक्रिया जारी है।
2,20,410 पंजीकृत मतदाता आज करेंगे मतदान
आंकड़ों के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र के कुल 2,20,410 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,10,768 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं की तुलना में थोड़ी अधिक रही। दोपहर 1 बजे तक 60,799 पुरुषों ने मतदान किया, जो कुल पुरुष मतदाताओं का 52.36 प्रतिशत है। वहीं 49,969 महिला मतदाताओं ने वोट डाला, जो 47.92 प्रतिशत मतदान के बराबर है। अन्य श्रेणी से फिलहाल कोई मतदान दर्ज नहीं हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से की मतदान की अपील
निर्वाचन आयोग ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। ऐसे में अंतिम मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।