Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को राजनीतिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों का व्यस्त कार्यक्रम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और दुर्ग में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। खराब मौसम के कारण स्थगित हॉकी लीग के मुकाबले भी आज खेले जाएंगे। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ की आज की प्रमुख खबरें।
रायपुर और दुर्ग के कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायपुर और दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दिन की शुरुआत राजधानी रायपुर से होगी। सुबह 10:15 बजे से 11:30 बजे तक कृषि महाविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद परिसर में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त वितरण और पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति रहेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री दुर्ग जिले के पुलगांव पहुंचेंगे। यहां आयोजित आमसभा और रैली में शामिल होकर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आज पहुंचेंगे छत्तीसगढ़
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर करीब 1 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। दोपहर 3:15 बजे वे दुर्ग के लिए रवाना होंगे। यहां महेश कॉलोनी, पुलगांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे दुर्ग के जेआरडी स्कूल मैदान में भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने तैयारियां की हैं।
शिवराज सिंह चौहान शाम को पहुंचेंगे रायपुर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम करीब 7 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान उनका कार्यक्रम कृषि और पर्यावरण से जुड़े आयोजनों पर केंद्रित रहेगा। शनिवार सुबह 10 बजे वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम पहुंचने के बाद वे तेलीबांधा तक भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे।
सुधांशु त्रिवेदी आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके रायपुर आगमन का समय दोपहर करीब 1 बजे निर्धारित है। इसके बाद वे दोपहर 2:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। यहां मीडिया से बातचीत कर प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।
बारिश और खराब मौसम के बीच कई जिलों में स्कूल बंद
प्रदेश में खराब मौसम और बारिश की स्थिति को देखते हुए कुछ जिलों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर अवकाश घोषित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, रायगढ़, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और सूरजपुर जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। यह आदेश संबंधित जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए थे और शासकीय व अशासकीय विद्यालयों पर लागू थे। यह अवकाश 29 अक्टूबर के लिए था।
रायपुर के आसमान में आज उड़ान भरेंगे सारंग हेलीकॉप्टर
राजधानी रायपुर के लोगों के लिए शुक्रवार को एक खास नजारा देखने का मौका मिलेगा। भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम शहर के आसमान में उड़ान भरेगी।निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर रायपुर के ऊपर से गुजरेंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों और खुले स्थानों से इस हवाई प्रदर्शन को देख सकेंगे।
भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग का छत्तीसगढ़ आगमन
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विशेष तैयारियां की हैं।एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली जाएगी। दोपहर 1:30 बजे प्रस्तावित इस रैली में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है।
गौरा-गौरी पर्व से पहले तालाबों की सफाई की मांग करेगा बजरंग दल
गौरा-गौरी पर्व को देखते हुए रायपुर में तालाबों की सफाई का मुद्दा उठाया जाएगा। बजरंग दल के कार्यकर्ता शुक्रवार दोपहर 12 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। संगठन की मांग है कि त्योहार से पहले शहर के तालाबों की साफ-सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रायपुर ग्रामीण के 11 ब्लॉकों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होंगे
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू होगा। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले 11 ब्लॉकों से सैकड़ों कार्यकर्ता 30 अक्टूबर को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस दल में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, पूर्व खनिज विकास निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन, पंकजशर्मा, नारायण कुर्रे, राम गिड़लानी, जयंत साहू और अश्वनी वर्मा सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। राजेंद्र पप्पू बंजारे के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित रैली के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
खराब मौसम से स्थगित हॉकी लीग के मुकाबले आज होंगे
खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते 29 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित दोनों मुकाबले रद्द कर दिए गए थे। अब इन मैचों को 30 अक्टूबर के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा। शाम 7 बजे चक्रधर चैंपियंस और बैलाडीला बुल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। हॉकी लीग का फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।
अंक तालिका की स्थिति:
न्यायधानी नाइट्स 11 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है। टीम ने तीन मुकाबलों में जीत और दो में ड्रॉ हासिल किया है तथा सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैनपाट टाइटन्स 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि चक्रधर चैंपियंस 7 अंक लेकर तीसरे स्थान पर मौजूद है। बैलाडीला बुल्स के खाते में 5 अंक हैं और टीम चौथे स्थान पर है। वहीं राजधानी रॉयल्स अपने सभी पांच मुकाबले हारकर सबसे निचले पायदान पर है। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 4 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है।