नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर पहली बार CCPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली। शानदार गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर बिलासपुर ने एकतरफा अंदाज में खिताबी जीत दर्ज की।
रायगढ़ लायंस ने रखा 161 रन का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने शुरुआती ओवरों में ही रायगढ़ लायंस पर दबाव बना दिया। इसके बावजूद रायगढ़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 160 रन बनाने में सफल रही। रायगढ़ लायंस की ओर से नयन राजकुमार चौहान ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। संगीत सोनी ने 32 रन बनाए, जबकि दीपक यादव 22 रन बनाकर नाबाद लौटे। हालांकि मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में सफल नहीं हो सके।
भारत गोंडवानी की घातक गेंदबाजी
बिलासपुर बुल्स की जीत की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी। भारत गोंडवानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। वहीं वरुण सिंह भूई और मोहित राउत ने दो-दो विकेट लेकर रायगढ़ लायंस को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। टीम ने महज 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पवन परनाटे और वीकल्प तिवारी ने 39-39 रनों की शानदार पारियां खेलीं। वहीं प्रतेक यादव ने केवल 13 गेंदों में 30 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बिलासपुर के पक्ष में कर दिया। रायगढ़ लायंस के गेंदबाज विकेट निकालने के लिए संघर्ष करते नजर आए। प्रवीण कुमार यादव को एक सफलता मिली, लेकिन बाकी गेंदबाज बिलासपुर के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे।
भारत गोंडवानी बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में अपनी प्रभावशाली गेंदबाजी के लिए भारत गोंडवानी को "प्लेयर ऑफ द मैच" चुना गया। उनके तीन अहम विकेटों ने रायगढ़ लायंस की बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया और बिलासपुर की जीत आसान बना दी।
CCPL का दिलचस्प इतिहास
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का इतिहास भी काफी रोचक रहा है। वर्ष 2024 में खेले गए पहले सीजन में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2025 सीजन का फाइनल बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। अब 2026 में बिलासपुर बुल्स ने शानदार वापसी करते हुए पहली बार ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रच दिया। साथ ही टीम ने पहले सीजन की हार का बदला भी चुकता कर दिया।