राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर सामने आया है। राजनांदगांव स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी 13 से 22 जून 2026 तक सर्बिया के ज्लातिबोर में आयोजित होने वाली विश्व स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।
भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिली जगह
भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में डीपीएस खेलो इंडिया बास्केटबॉल अकादमी, युगांतर खेलो इंडिया अकादमी और सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों अंजनी, रूमी कंवर, काम्या झा, रेवा कुलकर्णी, हिमांशु सिंह और शुभम सिंह का चयन हुआ है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान खिलाड़ी दिव्या रंगारी को भी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है, जो प्रदेश के लिए एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
राजनांदगांव की बास्केटबॉल अकादमियों ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) राजनांदगांव की अंडर-17 बालक एवं बालिका टीम ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं युगांतर पब्लिक स्कूल की टीम ने सीनियर सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। खिलाड़ियों के इन्हीं उत्कृष्ट प्रदर्शनों के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्राप्त हुए हैं।
विश्व मंच पर चमकेगा राजनांदगांव का नाम
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद अब राजनांदगांव के ये युवा खिलाड़ी विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इन खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। छत्तीसगढ़ के खेल जगत को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी सर्बिया में होने वाली प्रतियोगिता में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे तथा आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

