भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ से अपने प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। बलौदाबाजार क्षेत्र की वरिष्ठ महिला नेता लक्ष्मी वर्मा को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मुख्यालय से जारी हुई सूची
भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी महासचिव अरुण सिंह ने छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
अन्य राज्यों से घोषित प्रत्याशियों में शामिल हैं —
नितिन नवीन (बिहार)
शिवेश कुमार (बिहार)
तेराश गोवाला (असम)
जोगेन मोहन (असम)
लक्ष्मी वर्मा (छत्तीसगढ़)
संजय भाटिया (हरियाणा)
मनमोहन सामल (ओडिशा)
सुजीत कुमार (ओडिशा)
राहुल सिन्हा (पश्चिम बंगाल)
छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को मौका दिया गया है।
लंबा राजनीतिक अनुभव
लक्ष्मी वर्मा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं। वे पार्टी की प्रवक्ता भी रही हैं और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए जानी जाती हैं। वर्तमान में वे राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में कार्यरत हैं और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
सामाजिक संतुलन की रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पार्टी ने इस बार ओबीसी वर्ग से उम्मीदवार देने की रणनीति अपनाई है। संगठन में सक्रियता, अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए लक्ष्मी वर्मा के नाम पर मुहर लगी।