भोपाल। भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर सवा लाख कांग्रेसियों व अन्य लोगों को भाजपा में ज्वाॅइन कराने का लक्ष्य तय किया गया था। किंतु देर शाम तक यह संख्या बढ़कर एक लाख 26 हजार से अधिक हो गई। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पिछले तीन महीने में कुल 2 लाख 58 हज़ार 523 कांग्रेसियों व अन्य विशिष्ट लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसमें कांग्रेस के अलावा अन्य पार्टियों के नेता, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में अन्य लोग शामिल हैं।
पूर्व डिप्टी कलेक्टर, पूर्व विधायक सहित कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल
प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को कांग्रेस के उज्जैन जिले के घट्टिया से तीन बार के पूर्व विधायक रामलाल मालवीय, पूर्व जनपद अध्यक्ष भारत सिंह पंवार, उपाध्यक्ष बहादुर सिंह पटेल एवं पूर्व डिप्टी कलेक्टर रमेशचन्द्र सक्सेना सहित कई कांग्रेस के पदाधिकारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पूर्व संरपंचों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इन्हे भाजपा की सदस्यता दिलाई और स्वागत किया।
भाजपा जड़ों से जुड़कर काम करती है: डॉ. मोहन यादव
प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कराते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का परिवार लगातार बढ़ रहा है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद भी जड़ों से जुड़कर काम कर रही है। हमारी पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
हम सभी मिलकर प्रदेश के विकास में योगदान देंगे: विष्णुदत्त
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के प्रति हर व्यक्ति का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्य करने के लिए सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। आप सभी इस परिवार के अभिन्न सदस्य बनकर प्रदेश के विकास में अपना योगदान देंगे। शर्मा ने कहा कि आज पार्टी के स्थापना दिवस पर यह सदस्यता अभियान देश को सर्वश्रेष्ठ बनाने और मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए है। आज प्रदेश के 64523 बूथों पर अन्य दल के नेता, खिलाड़ी, डॉक्टर, आर्टिस्ट सहित समाज के प्रतिष्ठितजनों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।