भोपाल। बांदकपुर में जागेश्वर धाम का एक विस्तृत कॉरिडोर बनाने की योजना बनी है, जो लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। पांच चरणों में इसका काम होगा। इसका प्रेजेंटेशन सभी जनप्रतिनिधियों के साथ सभी समिति के सदस्यों के साथ देखा गया। लोगों ने इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की है बहुत अच्छा और ऐतिहासिक काम होना है। प्रथम चरण मंदिर परिसर से शुरू किया जाएगा और फिर दक्षिण की तरफ बढ़ते हुए कुल पांच चरणों में काम होगा। यह बात शुक्रवार को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बांदपुर ट्रस्ट के विश्राम भवन में आयोजित कॉरीडोर संबंधी बैठक में कही।
बैठक में राज्यमंत्री पटेल, विधायक मलैया कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पशुपालन डेयरी विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया, विधायक हटा उमादेवी खटीक, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश मेहता सहित सदस्यगण तथा अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से भगवान जागेश्वर नाथ धाम के कॉरिडोर निर्माण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। राज्यमंत्री लोधी ने कहा पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक जयंत मलैया की भी बहुत समय से इच्छा थी कि यहां पर भगवान भोलेनाथ का जागेश्वर धाम विकसित हो, भगवान जागेश्वर नाथ की कृपा बनी और उन्होंने मुझे वह मंत्रालय दिया। जिसमें भगवान जागेश्वर नाथ के कॉरिडोर का निर्माण किया जा सके, लगभग 100 करोड़ की राशि से यह कॉरिडोर बनेगा। यह काम पांच चरणों में होगा, जैसा महाकाल लोक बना है, उसी तर्ज पर इसको बनवाने का प्रयास किया जाएगा।