भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल के दौरे पर रहेंगे। जहां वो भेल दशहरा मैदान में आयोजित पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आगमन को लेकर तैयारियां जहां शुरू कर दी गई है। तो वही अमित शाह का यह आगमन बेहद खास माना जा रहा है।
डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का करेंगे उद्घाटन
अमित शाह सांची दुग्ध संघ परिसर में तैयार की गई सरकारी क्षेत्र की पहली राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन भी करेंगे। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस लैब में दूध और उससे तैयार होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
100 से अधिक मानकों पर परीक्षण की सुविधा
प्रयोगशाला में 100 से अधिक मानकों पर परीक्षण की सुविधा होगी। इसके जरिए दूध में पेस्टिसाइड्स, एंटीबायोटिक समेत अन्य अवांछित तत्वों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकेगा। इससे डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा की निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शाह पार्टी संगठन की बैठक भी कर सकते हैं
अमित शाह के दौरे के दौरान भाजपा संगठन की बैठक होने की भी संभावना है। पार्टी स्तर पर प्रदेश संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा हो सकती है।