करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे के शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों सोमवार रात से लापता बताए जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया।
बच्चे का शव मां की छाती से बंधा हुआ था
मृतका की पहचान शिवानी विश्वकर्मा के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, महिला के साथ उसका सात साल का बेटा भी कुएं में मृत मिला। बताया जा रहा है कि बच्चे का शव मां की छाती से बंधा हुआ था।
क्षेत्र में फैली सनसनी
मामला करैरा थाना पुलिस लाइन क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
करैरा थाना पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।