Pakistani Flag Balloon : मध्य प्रदेश के आलोट कस्बे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बिस्किट के पैकेट के साथ फ्री गिफ्ट के रूप में पाकिस्तानी झंडे वाले गुब्बारे मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय व्यापारी दिलीप कामरिया को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, राजस्थान के झालावाड़ जिले के नागेश्वर क्षेत्र में एक दुकान से बिस्किट पैकेट खरीदी गई। पैकेट में चिपका गुब्बारा घर पर खोला गया तो उस पर पाकिस्तान का झंडा और उर्दू में "जश्न-ए-आजादी" लिखा नजर आया। यह देखकर परिवार भड़क गया और तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय लोगों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग दुकान पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
पुलिस ने मारा छापा
शिकायत मिलते ही झालावाड़ पुलिस ने छापेमारी कर ऐसे पैकेट जब्त किए। जांच में सामने आया कि यह सामान आलोट के व्यापारी दिलीप कामरिया की सप्लाई से दुकानों तक पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने दिलीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, मामले की गहन जांच चल रही है। वही जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामला झालावाड़ पुलिस के अधिकार क्षेत्र का है, इसलिए वही मुख्य जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि ये गुब्बारे आखिर कहां से आए और किस स्तर पर इन्हें पैकेट से जोड़ा गया।
व्यापारी संगठन का बचाव
आलोट व्यापारी संघ के अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने इसे बड़ी गलती बताते हुए कहा कि दिलीप कामरिया सिर्फ थोक व्यापारी हैं, वे खुद उत्पादक नहीं हैं। उन्होंने इंदौर से माल मंगवाया था, जिसमें गुब्बारों का एक पैकेट शामिल था। यह सप्लाई चेन में हुई चूक हो सकती है या किसी साजिश का हिस्सा भी।
उठते है सवाल...
क्या यह सिर्फ मानवीय भूल है या सुनियोजित साजिश?, किस कंपनी ने यह गुब्बारे छापे और भारत में इसकी सप्लाई किसने की?, बच्चों को फ्री गिफ्ट के नाम पर इस तरह का प्रचार क्यों किया गया?, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।