जयपुर। BCCI वुमन्स अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए बिहार को 224 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 359 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और पूरी टीम 41 ओवर में 135 रन बनाकर सिमट गई।
ओपनिंग जोड़ी ने दिलाई मजबूत शुरुआत
छत्तीसगढ़ की ओर से ओपनर मानश्री मौर्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 113 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके साथ चंद चेलक ने 74 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 146 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
मध्यक्रम में ऐश्वर्या सिंह ने 70 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि राधिका नेताम ने नाबाद 53 रन बनाकर टीम के स्कोर को 350 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बिहार की ओर से तेजस्वी ने 2 विकेट हासिल किए।
छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी बिहार
359 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। टीम की ओर से यशिता सिंह ने संघर्ष करते हुए नाबाद 66 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी में तान्या बेरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि साक्षी शुक्ला ने 3 विकेट लेकर बिहार की पारी को जल्द समेट दिया।
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ की अंडर-23 महिला टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।