Dhirendra Shastri: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने बिहार से लेकर मध्य प्रदेश तक की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में तेज प्रताप यादव, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से अपने भविष्य को लेकर गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।
भविष्य देख लीजिएगा...
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव बाबा धीरेंद्र शास्त्री के साथ बेहद सहज और भक्ति भाव में बातचीत करते दिख रहे हैं। वीडियो के एक हिस्से में वे कथित तौर पर बाबा से कहते हैं कि बाबा, मेरा राजनीतिक भविष्य देख लीजिएगा। यह छोटी सी लाइन अब सोशल मीडिया पर बहस का बड़ा मुद्दा बन गई है।
सियासत और अध्यात्म का मेल?
बाबा बागेश्वर अक्सर अपने मंचों से यह कहते रहे हैं कि वे राजनीति से कोसों दूर हैं और किसी दल का समर्थन नहीं करते। हालांकि, तेज प्रताप जैसे फायरब्रांड नेता का उनके सामने अर्जी लगाना कई सवाल खड़े कर रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि पूर्व में तेज प्रताप और उनके समर्थकों ने बाबा के बिहार दौरे का कड़ा विरोध किया था। ऐसे में इस मुलाकात और बातचीत को 'हृदय परिवर्तन' के तौर पर देखा जा रहा है। यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ इसे 'बाबा की महिमा' बता रहे हैं, तो कुछ इसे शुद्ध राजनीति करार दे रहे हैं।
बढ़ सकती है हलचल
बिहार में तेजस्वी यादव जहां विकास और मुद्दों की बात कर रहे हैं, वहीं तेज प्रताप का भविष्य जानने के लिए बाबा की शरण में जाना विरोधियों को मुद्दा दे सकता है। फिलहाल इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन इसने दोनों के समर्थकों के बीच उत्साह और असमंजस दोनों बढ़ा दिया है।