रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित CAPF Assistant Commandant Recruitment Examination-2026 का आयोजन रविवार को रायपुर जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित हो रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले सुरक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाओं का पालन कराया जा रहा है।
व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पेयजल, बिजली, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की फ्रिस्किंग (Frisking) और फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) अनिवार्य किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं के जरिए परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों से भी समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।