रायपुर: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र 2026 से बड़ा बदलाव लागू होने वाली है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि सरकारी स्कूलों में 16 जून से सभी नई यूनिफॉर्म डिजाइन अनिवार्य रूप से लागू होगी। इस नई यूनिफॉर्म के तहत छात्रों को स्लेटी (ग्रे) रंग की पैंट या ट्यूनिक और ब्लू-चेक पैटर्न वाली शर्ट दी जाएगी। यह बदलाव छात्रों के लिए एक आकर्षक और समान ड्रेस कोड सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
दो सेट यूनिफॉर्म का वितरण
प्रत्येक छात्र को इस बार शिक्षा विभाग द्वारा दो सेट यूनिफॉर्म प्रदान की जा रही है। स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को इस योजना के तहत उत्पादन की जिम्मेदारी दी गई है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक राज्य में यूनिफॉर्म निर्माण और सप्लाई कार्य में कुल 2001 महिला समूह सक्रिय रूप से शामिल हैं।
यूनिफॉर्म की मांग और आपूर्ति का आंकड़ा
नए सत्र के लिए कुल 50 लाख 93 हजार 769 यूनिफॉर्म का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें शिक्षा विभाग की मांग: 10 लाख 90 हजार 362 यूनिफॉर्म, शिक्षा मिशन की मांग: 40 लाख 03 हजार 407 यूनिफॉर्म शामिल है, अब तक लगभग 28 लाख से अधिक यूनिफॉर्म की सप्लाई पूरी की जा चुकी है।
किन जिलों में सबसे ज्यादा मांग?
तय किये गए लक्ष्य के मुताबिक बलौदाबाजार 2.71 लाख यूनिफॉर्म, बिलासपुर 3.12 लाख यूनिफॉर्म, रायपुर 2.69 लाख यूनिफॉर्म, कोरबा 2.81 लाख यूनिफॉर्म बस्तर 2.20 लाख यूनिफॉर्म वहीं अन्य जिलों में 2 लाख से कम यूनिफॉर्म की मांग दर्ज की गई है।
सप्लाई की स्थिति
अधिकारियों के अनुसार दोनों सेट यूनिफॉर्म की सप्लाई 18 जिलों में पूरी हो चुकी है, जबकि पहला सेट 7 जिलों में पहुंच चुका है,वहीं सप्लाई प्रक्रिया शेष जिलों में तेजी से जारी है। सरकार का दावा है कि सभी जिलों में नए सत्र की शुरुआत से पहले यूनिफॉर्म पहुंचा दी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।