मैहर : मध्य प्रदेश के मैहर में रफ़्तार का कहर देखने को मिला। जहां आज दो बाइकों में हुई आमने सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि अमरपाटन के मोहरिया गांव से मैहर आ रहे बाइक सवारों को कंचनपुर के पास तेज रफ्तार और कथित रूप से शराब के नशे में रॉन्ग साइड से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो लोग घायल हो गए।जिन्हे तत्काल प्रभाव से अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मृतक और घायलों की पहचान अज्ञात
इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतक और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।