मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के छोटी कोटड़ी गांव में दो बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट में आ गया है। शुरुआती जांच में बच्चों में जहां मलेरिया के लक्षण मिले है। तो वही प्लेटलेट्स में भी कमी पाई गई है। हालांकि अभी तक मौत की वजह साफ़ नहीं हो सकी है। ऐसे में सभी की नजरे फाइनल रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
25 लोगों में मलेरिया के लक्षण
इधर, बच्चों की मौत के बाद प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य, राजस्व और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीमें गांव में जांच कर रही हैं। जिसके तहत करीब 200 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जिनमें लगभग 25 लोगों में मलेरिया के लक्षण मिले हैं। फिलहाल कुछ मरीजों का भानपुरा में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य को जिला अस्पताल भेजा गया है।
कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा
गांव में आठ टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। साथ ही पानी के नमूने लिए जा रहे हैं और कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।