इंदौर। शहर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में नाबालिग बच्ची के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान के खिलाफ POCSO एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। तो वही घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है।
घटना दो दिन पहले गुरुवार रात की
जानकारी के अनुसार, बच्ची गरबा खेलने पंडाल पहुंची थी, तभी प्रवेश की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कमल चौहान ने बच्ची को धक्का दिया गया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। इतना ही नहीं जब परिजनों ने आपत्ति जताई तो नेता जी ने रंगदारी दिखाते हुए कहा बुला लो पुलिस। घटना दो दिन पहले गुरुवार रात की है।
मामले में आगे की जांच जारी
यह मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। घटनाक्रम के बाद थाने में भाजपा नेताओं की मौजूदगी और पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वही मामले में आगे की जांच जारी है।