सैयद वाजिद- मुंगेली। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ियों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को निलंबित कर दिया गया है।
आरोप है कि धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। जांच में सामने आया कि संबंधित अधिकारी द्वारा खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा धान परिवहन और मिलरों द्वारा उठाव की निगरानी में भी भारी लापरवाही बरती जा रही थी।
जांच रिपोर्ट में इन गंभीर चूकों के उजागर होने के बाद खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए निलंबन का आदेश जारी किया है।
31 कर्मचारियों पर निलंबन, कई पर कड़ी कार्रवाई
धान खरीदी में अनियमितता बरतने के मामलों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। समिति प्रबंधकों और धान खरीदी से जुड़े कुल 38 कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कदम उठाए गए हैं। इनमें से 31 कर्मचारियों को निलंबित, एक कर्मचारी की सेवा समाप्त, दो को सेवा से पृथक, एक को कार्य से पृथक किया गया है, जबकि तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
यह कार्रवाई प्रदेश के 12 जिलों— दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापारा में की गई है।