रायपुर। Sai Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार आज बुधवार को अपनी महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक करने जा रही है। बैठक सुबह 11:30 बजे मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसकी अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में राज्य के विकास, कृषि, खाद्य व्यवस्था, बीज उपलब्धता और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) से जुड़े पहलुओं सहित कई नीतिगत विषयों पर भी विचार-विमर्श संभव है। इसके अलावा किसानों, युवाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।
किसानों और कृषि व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
कैबिनेट बैठक में खरीफ और रबी सीजन के लिए उर्वरक एवं बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपायों की समीक्षा की जा सकती है। सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई रणनीति पर भी विचार कर सकती है।
पिछली कैबिनेट बैठक में हुए थे अहम फैसले
पिछली बैठक में राज्य सरकार ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और उसकी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंत्री-मंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी थी। यह समिति उर्वरक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर सरकार को सुझाव और अनुशंसा देगी तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी राय ले सकेगी।
अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण
साय सरकार ने पिछली कैबिनेट में अग्निवीर सैनिकों के पुनर्वास को लेकर बड़ा फैसला लिया था। इसके तहत राज्य की तृतीय श्रेणी की सीधी भर्ती वाले पदोंपुलिस विभाग में आरक्षक, वन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में प्रहरी में 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके लिए विशेष आरक्षण नियम-2026 तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।
आज की बैठक पर क्यों है सबकी नजर?
आज होने वाली कैबिनेट बैठक को कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार आगामी योजनाओं, कृषि सुधारों, प्रशासनिक निर्णयों और जनहित से जुड़े विषयों पर बड़े फैसले ले सकती है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।