छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नजदीक एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई। यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास की है। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बलौदाबाजार से रायपुर जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह यात्री बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर आ रही थी। रास्ते में बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। चालक ने स्थिति भांपते हुए तुरंत बस रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दमकल ने आग पर पाया काबू, कारण स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेलीबांधा में चलती कार में आग, 6 लोगों ने बचाई जान
इसी बीच रायपुर शहर में दूसरी घटना सामने आई। बीती रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार 6 लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते कार जलकर खाक
बताया जा रहा है कि झारखंड पासिंग सूमो ग्रैंड वाहन रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे अग्रसेन चौक के पास से गुजर रहा था। पहले कार से धुआं निकला और फिर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
कार में आग लगने का वीडियो आया सामने
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार से उठती तेज लपटें और घना धुआं साफ देखा जा सकता है। आग लगने के दौरान उसी मार्ग से अन्य वाहन और यात्री बसें भी गुजरती रहीं।